अंजुमने हैदरी संस्था खान कॉलोनी खड़कोट ने मोहरर्रम पर मातमी करते हुए।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। अंजुमने हैदरी संस्था खान कॉलोनी खड़कोट ने मोहर्रम पर मातम मनाया। कोविड-19 को देखते हुए इस बार नगर में जुलूस नहीं निकाला गया। इस दौरान मुस्लिम भाइयों ने देश और दुनिया से कोरोना के खात्मे और देश में अमन की दुआ मांगी।
रविवार को मोहर्रम पर अंजुमने हैदरी संस्था खान कॉलोनी खड़कोट ने माहे मोहर्रम का यौमे आशूरा (10 तारीख) गमगीन माहौल में मनाया। इस दौरान करबला में इमाम हुसैन और उनके साथियों की शहादत को याद किया गया। इस दौरान कोविड-19 के नियमों का पूरी तरह पालन किया गया। हैदरी शिया जामा मस्जिद और इमामबाड़ा खान कॉलोनी खड़कोट में नौजवानों ने ब्लेड और जंजीरों से मातम किया। संस्था के मौलाना लियाकत अली ने मजलिस को खिताब कर तमाम शहीदों को याद किया। उन्होंने दुनिया भर से कोविड-19 के खात्मे और देश में अमन चैन की कामना की। संस्था के अध्यक्ष यूसुफ खान ने पुलिस और जिला प्रशासन का आभार जताया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष इब्राहीम खान, मीडिया प्रभारी इमरान अली, अहमद अली, फिरोज, सिकंदर अली, हैदर अली, गुड्डू, शहबाज मौजूद रहे।