बेड़ीनाग के नया बाजार में धू-धूकर जलती बाइक। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। नगर के नया बाजार में गंगोलीहाट सड़क पर चलती बाइक में अचानक आग लग गई। धू-धूकर जलती बाइक आग का गोला बन गई। बाइक में सवार दंपती ने कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
मुवानी निवासी ललित बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी के साथ बाइक पर सवार होकर बेड़ीनाग के नया बाजार पहुंचे। अचानक चलती बाइक में आग लग गई और देखते ही देखते बाइक आग का गोला बनकर सड़क पर दौड़ती रही। आननफानन दंपती बाइक से कूद गया जिससे उनकी जान बच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष महेश जोशी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद बाइक में लगी आग पर काबू पाया।
हालांकि तब तक बाइक जलकर नष्ट हो चुकी थी। समय पर आग नहीं बुझती तो पास में संचालित होटल, बरात घर और वर्कशॉप सहित कई व्यापारिक प्रतिष्ठान इसकी चपेट में आ सकते थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में फिलहाल कोई तहरीर नहीं मिली है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।