कनालीछीना (पिथौरागढ़)। कनालीछीना क्षेत्र में डेढ़ दशक पूर्व लगाए गए एक दर्जन से अधिक टावर शोपीस बने हैं। इन टावरों से क्षेत्र के लोगों को संचार सुविधा का लाभ तो नहीं मिला, लेकिन अब यह खतरा जरूर बने हैं। आबादी के बीच लगे यह टावर कभी भी लोगों की घरों की छतों पर गिर सकते हैं।
ग्राम पंचायत ख्वांतड़ी निवासी प्रेम सिंह सामंत का कहना है कि टावर से कई मकानों को खतरा बना है। यह टावर देखरेख के अभाव में जर्जर हो गए हैं। दूरसंचार विभाग के कर्मचारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मानसून काल में ग्रामीणों को टावर गिरने का भय बना है। ख्वांतड़ी, कापड़ीगांव, जिनगाल, बनीगांव, पुखरौड़ा के ग्रामीणों ने प्रशासन से खतरा बने इन टावरों को शीघ्र हटाने की मांग की है। संवाद