मुनस्यारी-मिलम सड़क निर्माण में लगी जेसीबी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
सीमा सड़क संगठन की आरसीसी कंपनी और पेटी कांट्रेक्टर कंपनी पर कोरोना वायरस के चलते लॉकडाउन का कोई असर नहीं है। मुनस्यारी-मिलम सड़क निर्माण के कार्य में 150 से अधिक मजदूरों को लगाया गया है। इससे संक्रमण फैलने का अंदेशा बना हुआ है।
सड़क निर्माण करने वाली कंपनी राठी हाइड्रो ने लिलम के पास लॉकडाउन के बावजूद समूह में मजदूरों को सड़क निर्माण में लगाया है। लोगों का कहना है कि वह लॉकडाउन के कारण घरों में कैद हैं, जबकि इसका फायदा उठा कर सड़क निर्माण में लगी कंपनी भारी विस्फोट कर रही है। सड़क निर्माण के लिए पंजाब, यूपी, नेपाल, हिमाचल, एमपी, कश्मीर आदि राज्यों के 150 से अधिक मजदूर लगे हुए हैं।
ग्रामीण प्रह्लाद सिंह का कहना है कि मजदूरों से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। लोक बहादुर सिंह का कहना है कि लॉकडाउन का उल्लंघन किया जा रहा है। उधर, मुनस्यारी एसडीएम भगत सिंह फोनिया का कहना है कि सड़क का कार्य सुचारु है। जिलाधिकारी ने अनुमति दी है। मजदूरों को धारा 144 का उल्लंघन न करने और सैनेटाइजर का प्रयोग करने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।