पिथौरागढ़। धारचूला विधासभा की चार सड़कों पर दूसरे चरण के डामरीकरण के कार्य के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। पीएमजीएसवाई शीघ्र निविदा प्रक्रिया पूरी कर इन सड़कों पर डामरीकरण का कार्य शुरू देगा।
धारचूला विधानसभा की नाचनी-बांसबगड़-रायाबजेता 15 किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इस सड़क पर पहले चरण का कार्य भी तेज गति से पूरा किया जा रहा है।
पौड़ी-घटकूना पांच किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस सड़क में भी स्टेज वन का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। एलागाड़- जुम्मा 14 किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए करीब आठ करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इस सड़क पर पीएमजीएसवाई धारचूला स्टेज वन का कार्य तेजी से पूरा कर रहा है। खेला-खेलाधूरा आठ किमी सड़क पर डामरीकरण के लिए 4.5 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है।
पीएमजीएसवाई ने इस सड़क में स्टेज वन का कार्य पूरा कर लिया है। शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया आमंत्रित कर सड़कों में डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
यहां पर लोग लंबे समय से डामरीकरण की मांग कर रहे थे। इन सड़कों में डामरीकरण होने से यातायात सुगम हो पाएगा। इससे करीब तीन हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा।
धारचूला विधानसभा की चार सड़कों में लिए दूसरे चरण का कार्य करने के लिए वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू करने के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- विवेक धर्मशक्तू, जेई पीएमजीएसवाई, लोनिवि धारचूला।