पिथौरागढ़ सिल्थाम तिराहे पर अपर जिलाधिकारी आरडी पालीवाल को घटना की जानकारी देते विधायक हरीश धाम
- फोटो : PITHORAGARH
नगर के सिल्थाम तिराहे में यातायात ड्यूटी में तैनात एक महिला एसआई ने धारचूला के विधायक हरीश धामी की गाड़ी रोक दी। विधायक ने महिला एसआई पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।
सोमवार को विधायक हरीश धामी जिला अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच कराकर अपने तिलढुकरी स्थित आवास के लिए जा रहे थे। सिल्थाम में यातायात ड्यूटी पर तैनात महिला एसआई ने विधायक धामी की कार रोककर पूछताछ शुरू कर दी। इससे नाराज विधायक ने कार से उतरकर इस तरह से पूछताछ करने का विरोध जताया। विधायक धामी ने कहा कि कोरोना से निपटने के लिए वह निधि से 20 लाख रुपये की धनराशि जारी करने के लिए जिलाधिकारी से मिलने आए थे। डीएम से मिलने के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य की जांच कराकर लौट रहे थे।
जनप्रतिनिधि होने की जानकारी होने के बावजूद पुलिस की महिला एसआई ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने कहा कि उनसे इस तरह से पूछताछ की जैसे किसी अपराधी से की जाती है। पुलिस के व्यवहार से ऐसा लगा जैसे वह किसी दूसरे देश में आ गए हो। जब पुलिस एक विधायक के साथ इस तरह का व्यवहार कर सकती है तो आम जनता के साथ कैसा व्यवहार करती होगी यह समझा जा सकता है। मामले की जानकारी मिलने पर एडीएम आरडी पालीवाल भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान विधायक धामी ने कहा कि चेकिंग के नाम पर पुलिस आम जनता को परेशान कर रही है। उन्होंने पुलिस के इस व्यवहार के खिलाफ मामला विधान सभा में उठाने और इस मामले की शिकायत पुलिस के उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है।