चंपावत। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन की जनपदीय कार्यकारिणी के आह्वान पर मिनिस्टीरियल कार्मिकों का धरना-प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। जनपदीय अध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी की अध्यक्षता और हिमांशु मुरारी के संचालन में हुई सभा में कार्मिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर रोष जताया।
वक्ताओं ने कहा कि सत्र लाभ में कार्यरत शिक्षकों को उनकी मूल तैनाती वाले विद्यालयों के लिए कार्यमुक्त नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय पाटी में मिनिस्टीरियल कार्मिकों के विरोध में अशोभनीय नारेबाजी, कार्यालय के रसोईघर में ताला लगाने और सामान ले जाने के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई। कार्मिकों ने नियमों के विपरीत दिए गए सत्र लाभ के मामलों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में एजुकेशनल मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रांतीय सलाहकार सौरव चंद, जनपदीय अध्यक्ष पिथौरागढ़ कमल किशोर, फेडरेशन जिला महामंत्री जीवन चंद्र ओली, लोचन कुमार त्रिपाठी, विक्रम नेगी, मिंटू सिंह राणा, कैलाश नाथ महंत, एलएम चतुर्वेदी, भूपेश देव, गौरव जुकरिया आदि मौजूद रहे।