मलबा और बोल्डर से ध्वस्त मुनस्यारी-मिलम पैदल मार्ग।
- फोटो : पिथौरागढ़
चीन सीमा को जोड़ने वाला मुनस्यारी-मिलम पैदल मार्ग लिलम के पास भारी बोल्डर और मलबा गिरने से अवरुद्ध हो गया है। रास्ता बंद होने से मिलम, बिल्जू, पाछू, गनघर, मर्तोली, लास्पा, बुरफू, टोला, मापा समेत तमाम गांवों के लोग दिक्कत में आ गए हैं। लोगों को जान जोखिम में डालकर मलबे के ऊपर से जाना पड़ रहा है। रास्ते से मलबा नहीं हटा तो आने वाले दिनों में मिलम क्षेत्र के कई गांवों में राशन का संकट पैदा हो सकता है।
मुनस्यारी-मिलम पैदल मार्ग पर शनिवार को भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। मलबे के कारण पैदल मार्ग आवागमन लायक नहीं रह गया है। पहाड़ी से लगातार पत्थर, मलबा गिरने का भय बना हुआ है। तीन साल पहले विश्व बैंक से मिले बजट से पैदल मार्ग बनाया गया था। सड़क का निर्माण बीआरओ के अधीन एबीसीआई कंपनी कर रही है।
सड़क निर्माण में भारी विस्फोट किए जा रहे हैं जो बिना अनुमति के किए जा रहे हैं। एडवोकेट मनोहर दरियाल के नेतृत्व में लोगों ने उपजिलाधिकारी केएन गोस्वामी के साथ ही बीआरओ के सहायक अभियंता हरदेव से मुलाकात कर रास्ता खोलने की मांग की। कहा कि रास्ता नहीं खुला तो इलाके में राशन का संकट पैदा हो जाएगा। सहायक अभियंता ने मंगलवार तक रास्ता खोलने की बात कही है।
विस्फोटकों का प्रयोग न करने की पहले भी दी जा चुकी है हिदायत : एसडीएम
मुनस्यारी। उपजिलाधिकारी केएन गोस्वामी का कहना है कि विस्फोटकों के प्रयोग न करने की कार्यदायी संस्था को पहले भी सख्त हिदायत दी गई थी। इस मामले की जांच कराई जा रही है। बीआरओ और निर्माण कर रही कंपनी को पैदल रास्ते को आवाजाही लायक बनाने के निर्देशित किया गया। ब्यूरो