नगर के कुमौड़ मोहल्ले में शनिवार रात स्पेयर पार्ट्स की एक दुकान में आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। सूचना देने के एक घंटे बाद मौके पर फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचा। तब तक लोग आग पर काबू पा चुके थे। आग बुझाने के प्रयास में व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर को चोट आई है।
बताया गया है कि कुमौड़ मोहल्ले में कै. त्रिलोक सिंह महर के मकान में भुवन चंद्र पांडे ने स्पेयर पार्ट्स की दुकान खोली थी। शनिवार शाम को वह दुकान बंद कर अपने कमरे में चले गए। रात करीब दस बजे उससे कुछ दूरी पर स्थित वर्षा स्वीट्स के मालिक तथा अन्य लोगों ने स्पेयर पार्ट्स की दुकान से धुआं उठते देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी। सबसे पहले मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष शमशेर महर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस और फायर बिग्रेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की यूनिट घटनास्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर है। लोगों ने फायर ब्रिगेड का इंतजार किए बगैर खुद ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र बोहरा समेत कई लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने में जुट गए। दुकानदार भुवन पांडे के अनुसार उनका करीब छह लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है। जो सामान बचा है वह भी खराब हो चुका है। लोगों ने रात करीब 12 बजे तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया।