पिथौरागढ़। पुलिस ने सेना के लापता जवान की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। जवान 14 जनवरी की सुबह कासनी बैरक से लापता हो गया था।
रविंद्र सिंह ने पुलिस को पत्र सौंपकर दामाद राजेंद्र सिंह के लापता होने की सूचना दी। रविंद्र सिंह ने बताया कि उनके दामाद राजेंद्र सिंह बोरा पुत्र लक्ष्मण सिंह बोरा प्रादेशिक सेना में कासनी पिथौरागढ़ में कार्यरत हैं। उन्हें पता चला कि राजेंद्र 14 जनवरी की प्रात: 5:30 बजे से बैरक से गुम हैं और उनका फोन भी बैरक में ही है।
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद कोतवाली पिथौरागढ़ के एसआई सोमेंद्र सिंह के नेतृत्व में चीता पुलिस के कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह धामी, छत्तर सिंह, पुलिस लाइन डॉग स्क्वाड और टेरिटोरियल आर्मी की ड्रोन टीम ने पूरे डिफेंस लैंड एरिया, ट्रेनिंग एरिया और सेरादेवल मंदिर से सटे घने जंगल में जवान की तलाश के लिए कांबिंग की।
यूनिट के सभी द्वारों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी चेक की गई लेकिन कुछ नहीं मिला। टीम ने भड़कटिया क्षेत्र, कासनी बाजार से एपीएस, जाखनी रोड, टनकपुर तिराहा, रोडवेज बस स्टेशन, होटल, ढाबे आदि स्थानों पर गुमशुदा जवान का फोटो दिखाकर पूछताछ की लेकिन जवान के बारे में कोई सूचना नहीं मिल पाई।
टीम ने गुमशुदा के पंफलेट सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए है। पुलिस ने सभी थानों, चेक पोस्टों और अन्य जिलों में लापता जवान की फोटो और सूचना दे दी है। जवान राजेंद्र सिंह के अचानक लापता होने से परिजन चिंतित हैं।