धारचूला (पिथौरागढ़)। सीमांत अनवाल समुदाय विकास समिति ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग उठाई है।
समिति के अध्यक्ष गुमान सिंह बिष्ट ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीमांत भ्रमण का स्वागत करते हैं। कहा कि पड़ोसी देश नेपाल में जल को राष्ट्र का प्रमुख संसाधन मान कर जल विद्युत इकाइयों का निर्माण किया गया है। इसमें स्थानीय स्वायत्तता को प्रमुखता दी गई है।
उन्होंने उसी तर्ज पर गांव-गांव में उपलब्ध छोटी-छोटी जल धाराओं पर जल विद्युत इकाइयों का गठन कर ग्राम पंचायतों को अधिकार देने की मांग की है। इसके अलावा सीमांत क्षेत्र में यातायात सुगम बनाने के लिए टनकपुर-धारचूला रेलमार्ग का निर्माण करने, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल डेवलपमेंट काॅलेज खोलने, डीडीहाट, धारचूला, मुनस्यारी तहसील के बीच बेस अस्पताल का निर्माण करने, मनरेगा जैसी योजनाओं से लोगों को रोजगार और कृषि की नई तकनीक से जोड़ने की मांग की गई है। संवाद