मुनस्यारी के शास्त्री चौक में राज्य सरकार का पुतला दहन करते क्षेत्र पंचायत सदस्य। संवाद
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक में लगातार तीसरी बार विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति से सदस्य भड़क गए। उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर जिला प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला फूंका।
मंगलवार को मुनस्यारी में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक बुलाई गई थी। इसमें ब्लॉक प्रमुख भावना देवी, विधायक हरीश धामी के अलावा दूरदराज के क्षेत्रों से सदस्य भी ब्लॉक पहुंचे थे। वहीं बैठक में अधिकारियों के नहीं पहुंचने से सदस्य भड़क गए। क्षेत्र पंचायत सदस्य चेटी चिमला एवं कांग्रेस के ब्लाॅक अध्यक्ष ईश्वर सिंह कोरंगा के नेतृत्व में सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए शास्त्री चौक पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला फूंका।
उन्होंने कहा कि पंचायत के अधीन आने वाले 29 रेखीय विभागों के कोई भी जिम्मेदार अधिकारी जब बैठक में मौजूद नहीं हैं तो पंचायतों की समस्याएं कैसे सुलझेंगी। उन्होंने इसे पंचायतों का अपमान करार दिया। खंड विकास अधिकारी प्रेम राम लोहिया ने बताया कि बैठक का कोरम पूरा नहीं था। विभागीय अधिकारी भी नहीं पहुंचे। वह विस्तृत रिपोर्ट बनाकर जिला प्रशासन को भेज रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सुरेंद्र बृजवाल, योगेश भाकुनी, चरण पापड़ा, मनोज मर्तोलिया, पंकज बृजवाल आदि सदस्य मौजूद रहे।
विधानसभा में उठाएंगे मामला : धामी
मुनस्यारी। क्षेत्र पंचायत की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे विधायक हरीश धामी ने कहा कि अधिकारियों की गैर मौजूदगी का मामला वह विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी पंचायतों की अनदेखी कर रहे हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य कहां से होंगे। संवाद