पिथौरागढ़। मेडिकल कॉलेज की सख्ती के बाद बेस अस्पताल से नर्सिंग अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए हैं। इससे जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद है। जिला अस्पताल में 120 बेड के मुकाबले 141 मरीज भर्ती हैं। यहां 70 से अधिक नर्सिंग अधिकारी पद स्वीकृत हैं, पर केवल 50 तैनात थे। लगभग 15 अधिकारी छुट्टी पर थे, जिससे सेवाओं पर असर पड़ रहा था। मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में 30 से अधिक नर्सिंग अधिकारी तैनात हैं। 65 करोड़ रुपये की लागत से बेस अस्पताल बना है। इसमें तीन साल से एक भी मरीज भर्ती नहीं हुआ। पहले 21 नर्सिंग अधिकारियों ने जिला अस्पताल जाने से इन्कार किया था। अब वे सेवा देने पहुंचे हैं।
-
बेस से नर्सिंग ऑफिसर की तैनाती होने से जिला अस्पताल में इनकी कमी दूर होगी। मरीजों को भी इससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए मरीजों को राहत पहुंचाई है।
-डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़