पिथौरागढ़ । सीमांत जिले के विण विकास खंड स्थित गोगना गांव में बुधवार रात भारी बारिश से एक मकान ध्वस्त हो गया। जगत सिंह मेहता का दो मंजिला मकान गिरने से परिवार बाल-बाल बचा, वे रसोई में भोजन कर रहे थे। घटना में गोठ में बंधे दो बैलों में से एक की मौत हो गई।
बारिश से कमला देवी और धन सिंह के मकानों की आंगन की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हुईं। पूर्व प्रधान गोविंद वल्दिया ने राजस्व विभाग को सूचना दी। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, भाजपा प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा और पटवारी राहुल ने मौके का दौरा किया। राजस्व टीम ने नुकसान का आकलन किया। दीपिका बोहरा ने पीड़ित परिवार को तिरपाल उपलब्ध कराया। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र वल्दिया ने भी हर संभव मदद का भरोसा दिया।