स्वास्थ्य महानिदेशक डा. गौरीशंकर जोशी ने सोमवार को यहां बेस अस्पताल के निर्माण की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही मोस्टामानू में प्रस्तावित मेडिकल कालेज के स्थान को देखने के बाद उन्होंने कहा कि मेडिकल कालेज के भवन के निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने पुराने टीबी अस्पताल का भी निरीक्षण किया। वहां पर अब अब नर्सिंग ट्रेनिंग कालेज खोला जा रहा है। टीबी अस्पताल के मुख्य भवन को तोड़ दिया गया है। इस जगह नर्सिंग कालेज की जरूरत के हिसाब से नया भवन बनना है। डीजी ने कहा कि नए भवन का निर्माण जल्दी किया जाए ताकि ट्रेनिंग कालेज संचालित किया जा सके।
स्वास्थ्य महानिदेशक डा. जोशी ने कहा कि अब नई नियुक्ति में जितने भी डाक्टर जिले को मिलेंगे, उनको दो दो महीने तक जिला अस्पताल में ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे जिला अस्पताल में मरीजों को मदद मिलेगी और डाक्टरों को भी जिले की स्थिति समझने का मौका मिल जाएगा। जिला अस्पताल और महिला अस्पताल के निरीक्षण में उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महिला अस्पताल में 75 नए बेड स्वीकृत तो हुए हैं लेकिन अभी इतने बेड के लिए भवन की जगह तय नहीं हो पाई है। डीजी ने कहा कि अस्पताल परिसर में ही यह जगह तैयार की जाएगी।
महानिदेशक ने कहा कि जल्दी ही जिले में डाक्टरों की कुछ कमी दूर हो जाएगी। नई नियुक्ति के समय इस जिले को भी कुछ डाक्टर उपलब्ध हो जाएंगे। भ्रमण में उनके साथ मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीके श्रीवास्तव, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीएमएस टोलिया, जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डा. एचसी पाठक, डा. निर्मला पुनेठा आदि भी थे।