वायरल प्रभावित पांगला गांव में लगाए गए चिकित्सा कैंप में 150 मरीजों को दवा दी गई और 200 मरीजों का चेकअप किया गया। चौदांस घाटी के गांवों में अब भी 500 लोग वायरल से पीड़ित हैं। इन गांवों में भी चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे। पांगला गांव में लगाए गए चिकित्सा कैंप में डा. किशोर सिर्खाल, फार्मेसिस्ट किशोर कुटियाल, पुष्पा कुटियाल ने पांगला में स्वास्थ्य कैंप लगाकर लोगों को वायरल से बचाव की जानकारी दी।
चिकित्सा टीम ने कहा कि इस मौसम में तापमान तेजी से बदलता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतनी होगी। पानी उबालकर पीना चाहिए। हल्का भोजन लिया जाए। बुखार होने पर पैरासिटामोल और एंटी बायोटिक लेनी चाहिए। एसडीएम पारितोष वर्मा के निर्देश पर पहुंची चिकित्सा टीम को भाजपा नेता महेंद्र बुदियाल, जिला पंचायत सदस्य मंजुला बुदियाल, होशियार सिंह, अरविंद सिंह, प्रेम सिंह धामी आदि ने सहयोग दिया। चौदांस घाटी के सोसा, पांगू, जयकोट में करीब 500 लोग वायरल से पीड़ित हैं। इन गांवों में भी चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे। डा. सिर्खाल का कहना है कि कोई भी मरीज गंभीर हालत में नहीं मिला। दवाओं से सभी को जल्दी फायदा मिलने लगेगा। लोगों को खानपान और मौसम के अनुसार सावधानी बरतनी पड़ेगी। इधर, सीएमओ डा. डीके श्रीवास्तव ने कहा है कि इस मौसम में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाएं भेज दी हैं।