टनकपुर (चंपावत)। स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में खेली जा रही इंट्रा स्टेडियम सीनियर फुटबाल लीग प्रतियोगिता में शनिवार को दर्शकों को एक बेहद रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। नंधौर एफसी और शारदा एफसी के बीच खेला गया यह मैच निर्धारित समय तक कड़े संघर्ष के बाद ड्रॉ पर समाप्त हुआ। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया लेकिन कोई भी टीम निर्णायक बढ़त बनाने में कामयाब नहीं हो सकी।
इंट्रा स्टेडियम सीनियर फुटबाल लीग प्रतियोगिता में दूसरे दिन शारदा एफसी और नंधौर एफसी के बीच मैच खेला गया। मैच का शुभारंभ अतिथि फुटबाल कोच पवन पाटनी और सभासद आशा पांडेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुरू करवाया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार खेल दिखाया। हाफ खत्म होने से ठीक पहले नंधौर एफसी के प्रियांशु ने टीम के लिए गोल कर 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाए रखा। इसके बाद शारदा एफसी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए एक के बाद एक दो गोल दागे। पहला गोल अदनान और दूसरा आर्य ने किया। टीम ने 2-1 की बढ़त बना ली। इसके बाद नंधौर एफसी ने पलटवार कर आक्रामक खेल दिखाया। गोल बचाने के प्रयास में शारदा एफसी की खिलाड़ी की गलती से स्वयं गोल हो गया।
मैच दो-दो की बराबरी पर समाप्त हो गया। मैच के निर्णायक फुटबाल कोच गौरव खोलिया रहे। लाइनमैन की भूमिका सौरभ, मोहित ने निभाई। कोच गौरव ने बताया कि प्रतियोगिता में चार टीमें शामिल हैं। इस दौरान बॉक्सिंग कोच सूरज पांडेय, क्रिकेट कोच मनोज टकवाल, नितिन भारती, हॉकी कोच प्रकाश सिंह, बास्केटबाल कोच सुभाष पांडे आदि मौजूद रहे।