कोरोना की दूसरी लहर से आदिम वनराजि जाति में कोरोना की रोकथाम के लिए एक युवा ने पहल की। युवक ने वनराजियों के गांव में जाकर उन्हें मास्क व सैनिटाइजर बांटे।
खेतार कन्याल के मैडी कन्याल ने 10 किमी की पैदल यात्रा करके च्यूरानी गांव में रह रहे वनराजि परिवार की महिलाओं, पुरुषों, बच्चों को मास्क व सैनिटाइजर वितरित कर उन्हें जानकारी दी। मैडी ने कहा कि कोरोना से इन वनराजियों को बचाने के लिए इनके गांव में ही सारी सुविधा सरकार को देनी चाहिए। ताकि दूसरी लहर कम होने तक वनराजि परिवार अपने गांव में रहें। वनराजि जीत सिंह रजवार ने कहा कि कोरोना काल में वनराजि परिवारों के सामने रोटी का संकट पैदा हो रहा है। सरकार को उनके बारे में सोचना होगा।
पालिका अध्यक्ष ने किया सैनिटाइजेशन
धारचूला(पिथौरागढ़)। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या के बीच पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी देवी ने खुद ही कमान संभाल ली। उन्होंने ग्वाल गांव, मल्ली बाजार, गांधी चौक, घटधार में स्वयं सैनिटाइजेशन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कोरोना तेजी से बढ़ रहा है जिससे सभी की चिंताएं बढ़ गई हैं। पालिका लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। सभी सात वार्डों में निरंतर सैनिटाइजिंग और फॉगिंग का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान स्वच्छता प्रभारी संदीप कुमार, मित्रपाल, अनूप बाल्मीकि, मोहन बहादुर आदि मौजूद थे। (संवाद)