जिला मुख्यालय की बाजार में हाथों में महेंदी लगाती महिलाएं।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़/चंपावत। करवाचौथ को लेकर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। स्वर्णकारों, कपड़ा व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। पिथौरागढ़ जिले में करवाचौथ पर करीब दो करोड़ से अधिक का जबकि चंपावत जिले में करीब 45 लाख रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
मंगलवार को नगर के गांधी चौक, सिमलगैर, पुराना बाजार में करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। सुबह दस बजे से ही महिलाएं खरीदारी के लिए पहुंचने लगी थी। महिलाओं ने साड़ियों के साथ ही स्वर्ण आभूूषणों की जमकर खरीदारी की। करवा चौथ पर्व पर महिलाओं की खरीदारी से स्वर्णकार और कपड़ा व्यापारियों के चेहरे खिले रहे। स्वर्णकार गोविंद लाल चौधरी ने बताया कि कोरोना के कारण व्यापार 30 फीसदी ही हो रहा था, लेकिन कोरोना काल के बाद कारोबार 75 फीसदी पहुंचा है। जिले में करवाचौथ पर्व पर करीब दो करोड़ के स्वर्ण और चांदी के आभूषणों की खरीदारी हुई है।
चंपावत में बुधवार को होने वाले करवाचौथ पर्व के लिए बाजार खूब गुलजार रहा। तमाम दुकानों में खरीदारों की खूब भीड़ रही। ब्यूटी पार्लर, श्रृंगार सामग्री, करवाचौथ पूजा की अन्य सामग्री की काफी खरीद हुई। साथ ही आभूषणों की दुकान में भी महिलाओं की आमद रही। दो दिनों में बाजार में करीब 45 लाख रुपये से अधिक का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुराना बाजार में स्वर्ण आभूषण की खरीदारी करती महिलाएं।- फोटो : PITHORAGARH