फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

करवा चौथ पर उछला बाजार: स्कूटी से लेकर कपड़ों और गहनों का खूब हुआ कारोबार, दुकानदारों के चेहरे खिले

Wed, 28 Oct 2026 10:15 PM IST
Heera अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

करवा चौथ से एक दिन पहले जिले के बाजारों में सुहागिनों की जमकर खरीदारी हुई; पूजा सामग्री, कपड़े, स्कूटी और गहनों की बिक्री से कारोबार उछला और कारोबारियों के मुताबिक जिलेभर में 22 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।
विज्ञापन
करवा चौथ
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आज पति की लंबी उम्र की कामना का प्रतीक करवाचौथ पर्व मनाया जाएगा। करवाचौथ पर्व से एक दिन पहले सुहागिनों में खासा उत्साह नजर आया और खरीदारी को जिले के बाजार गुलजार रहे। उन्होंने पूजा सामग्री, कपड़े आदि सामान खरीदा तो पतियों ने पत्नियों को उपहार देने के लिए स्कूटी से लेकर गहनों की खूब खरीदारी की इससे कारोबार उछला। कारोबारियों के मुताबिक, करवाचौथ के लिए जिले भर में वाहनों, कपड़ों, गहनों आदि का 22 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ।

करवाचौथ की खरीदारी के लिए जिला मुख्यालय के साथ ही बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, डीडीहाट, कनालीछीना, थल आदि बाजारों में रौनक रही। जिला मुख्यालय के गांधी चौक, सिमलगैर, नई, पुरानी बाजार सहित अन्य बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही।

महिलाओं ने पूजन सामग्री के साथ ही चूड़ी, कंगन और सौंदर्य प्रसाधन का जमकर सामान खरीदा। साड़ी, सूट आदि की भी जमकर खरीदारी हुई। बाजार में चहल-पहल रहने से कारोबारियों के चेहरे खिले रहे।

कारोबारियों के मुताबिक सुहागिनों को उपहार देने के लिए पतियों ने भी स्कूटी, नए डिजायन की साड़ी-सूट, कपड़े धोने के लिए वॉशिंग मशीन से लेकर सोने-चांदी के कंगन, हार, कड़े आदि आभूषणों की जमकर खरीदारी की। ऐसे में करवाचौथ पर जिले का बाजार उछला। पूरे दिन कारोबारी सामान बेचने में व्यस्त रहे और अच्छा कारोबार होने से उनके चेहरे में रौनक रही।

मेंहदी से लेकर ब्यूटी पार्लर की दुकानें रही पैक

विज्ञापन

करवा चौथ पर्व के लिए सुहागिनों ने सजने-संवरने में भी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। ऐसे में मेंहदी से लेकर ब्यूटी पार्लर की दुकानों में सजने-संवरने के लिए सुहागिनों की खासी भीड़ रही। सुहागिनों ने अपने हाथों में मनपसंद मेंहदी रचाई। ऐसे में मेंहदी कारोबारी और ब्यूटी पार्लर संचालकों के चेहरे पर भी रौनक रही। 

वीडियो कॉल कर करवाचौथ का व्रत तोड़ेंगी कई सुहागिन
करवाचौथ पर्व पर कई सुहागिनों को पति को वीडियो कॉल पर व्रत तोड़ना होगा। जिला मुख्यालय खरीदारी के लिए पहुंची थल क्षेत्र की गंगा, कनालीछीना की सविता आदि ने बताया कि उनके पति नौकरी के लिए बाहर हैं। वे पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ व्रत रखेंगी। लेकिन उन्हें वीडियो कॉल के माध्यम से पति का चेहरा देखकर व्रत तोड़ना होगा। हालांकि उनमें करवाचौथ के लिए खासा उत्साह नजर आया। 

नवविवाहिताओं में उत्साह अधिक

विज्ञापन

बीते वैवाहिक सीजन में जिले भर में करीब 120 से अधिक जोड़े विवाह बंधन में बंधे। ऐसे में इन नवविवाहिताओं का पहला करवाचौथ होगा इसे लेकर उनमें खासा उत्साह है। खरीदारी के लिए पहुंची झूलाघाट क्षेत्र की मनीषा, बुंगाछीना क्षेत्र की हेमा ने बताया कि यह उनके वैवाहिक जीवन का पहला करवाचौथ है। इसे वे उत्साह के साथ मनाएंगी। उन्होंने कहा कि वे पहले करवाचौथ पर्व के लिए खासी उत्साहित हैं।

बोले कारोबारी

-करवाचौथ पर्व स्वर्ण कारोबारियों की उम्मीदों पर खरा उतरा है। कारोबार अच्छा रहा। पतियों ने पत्तियों को उपहार देने के लिए नए डिजायन के हार, कंगन आदि खरीदे। जिले भर में आभूषणों का 12 करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।
- दीपक चौधरी, स्वर्ण कारोबारी, पुरानी बाजार, पिथौरागढ़

- करवाचौथ पर कारोबार अच्छा रहा। महिलाओं की पसंद का पूरा ध्यान रखा गया। अब दिवाली और धनतेरस से उम्मीद है। महिलाओं की पसंद के हर तरह के आभूषण मौजूद हैं। - यश चौधरी, स्वर्ण कारोबारी, पुरानी बाजार, पिथौरागढ़

- करवाचौथ पर जिले भर में 40 से अधिक स्कूटी बिकने का अनुमान है। करवाचौथ पर पतियों ने पत्तियों को स्कूटी उपहार में दीं। ऐसे में कारोबार अच्छा रहा। - कपित पंत, केके होंडा, बेड़ीनाग

- करवाचौथ पर साड़ी, सूट का कारोबार अच्छा रहा। महिलाओं ने नए डिजाइन की साड़ियों के साथ रंगली पिछौड़ी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई। करवाचौथ पर्व ने कपड़ा कारोबार में नई जान फूंकी है। - योगेंद्र मेहरा, अभिनंदन साड़ी, पिथौरागढ़

करवाचौथ पर बाजारों में लौटी रौनक, महिलाओं ने जमकर की खरीदारी
चंपावत में करवाचौथ पर्व के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय के बाजारों में रौनक देखने को मिली। पर्व की पूर्व संध्या पर खरीदारी के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ी। इस दौरान कपड़े, चूड़ियां, मेहंदी, कॉस्मेटिक, शृंगार सामग्री और पूजा के सामान की जमकर बिक्री हुई। बाजार में बढ़ी चहल-पहल से व्यापारियों के चेहरे भी खिल उठे।

करवाचौथ की तैयारियों के लिए महिलाओं ने बाजार पहुंचकर अपनी जरूरत का सामान खरीदा। शृंगार सामग्री और चूड़ियों की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। पर्व को देखते हुए व्यापारियों ने भी कई दिन पहले से दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाना शुरू कर दिया था। बता दें कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी पिछले कुछ वर्षों से करवाचौथ मनाने का चलन बढ़ा है। मैदानी क्षेत्रों की तर्ज पर यहां भी महिलाएं उत्साह के साथ पर्व की तैयारियां करती हैं।

बाजार में खरीदारी के लिए पहुंची महिलाओं के चलते दिनभर चहल-पहल बनी रही। व्यापारी दिनेश पांडेय और हरीश सक्टा ने बताया कि करवाचौथ से एक दिन पहले तक कारोबार सामान्य था, लेकिन बुधवार को खरीदारी में तेजी आई। इससे दुकानदारों को बेहतर कारोबार की उम्मीद जगी है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें