बारिश से टूटी मकान की चहारदीवारी
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार की तेज बारिश से कई जगह व्यापक नुकसान हुआ है। कई मकानों की सुरक्षा दीवार ढह गई। दोबांस में कई मकानों की छत उड़ गई।
जिला मुख्यालय के किरगांव (ऐंचोली) निवासी विक्रम सिंह मेहता और जाखनी के रघुवर सिंह के घर के आंगन की दीवार सोमवार की बारिश में ढह गई, जबकि दोबांस में लोकमणि जोशी, धीरज जोशी, राम चंद्र जोशी समेत छह लोगों के घरों की पत्थर से बनी छत क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता खीमराज जोशी ने बारिश के नुकसान की जानकारी राजस्व विभाग को दी है।
सड़क रही बंद
गणाईगंगोली/नाचनी। सोमवार की बारिश में सड़कों पर मलबा आने से यातायात बाधित रहा। सेराघाट-बेड़ीनाग सड़क पर गणाईगंगोली के पास भारी मलबा आ गया था। इससे कई घंटों तक सड़क बंद रही और यात्री फंसे रहे। नाचनी-भैंसकोट, नौलड़ा-नापड़-खतेड़ा सड़क कई दिनों से बंद हैं, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पत्थरों से बचने के चक्कर में कार पलटी
गणाईगंगोली। सोमवार की तेज बारिश के दौरान पहाड़ी से गिरे पत्थरों से बचने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। भिनगड़ी के प्रधान पूरन सिंह बोरा बारिश के दौरान कार से गणाईगंगोली से घर को जा रहे थे। इसी बीत सिमल्ता के पास पहाड़ी से गिर रहे पत्थरों से बचने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। कार में दो लोग सवार थे, किसी को चोट नहीं आई।