डीडीहाट (पिथौरागढ़)। बारिश के बाद भी डीडीहाट नगर के लोग जल संकट से जूझ रहे हैं। थल पंपिंग योजना में खराबी आने से डीडीहाट नगर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। ऐसे में कई मोहल्लों में कुछ मिनट पानी मिल रहा है। परेशान लोगों को दो से तीन किमी दूर से प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी का इंतजाम करना पड़ रहा है।
बीते दिनों हुई बारिश के बाद थल स्थित रामगंगा नदी उफान पर है। इसके बाद भी यहां बनी पंपिंग योजना से डीडीहाट नगर के लिए पानी नहीं पहुंच रहा है। यहां की 10 हजार से अधिक की आबादी पानी के लिए थल पंपिंग योजना पर ही निर्भर है। योजना के पंपों में खराबी आने से यहां के लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। योजना से पर्याप्त पानी लिफ्ट नहीं हो रहा है। अधिकांश मोहल्लों में कुछ मिनट पानी की आपूर्ति हो रही है। जल निगम के ईई संजय कुमार ने बताया कि थल पंपिंग योजना में खराबी आने से जलापूर्ति प्रभावित हुई है। खराबी को दूर कर शीघ्र योजना से पर्याप्त पानी लिफ्ट किया जाएगा। संवाद