अस्कोट में आधारकार्ड के पंजीकरण के लिए उमड़ी लोगों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
अस्कोट में लगा आधार कार्ड पंजीकरण शिविर खानापूर्ति साबित हो रहा है। आधार कार्ड पंजीकरण के लिए सैकड़ों लोग पहुंचे थे, लेकिन कंप्यूटर ऑपरेटर ने 40 लोगों के पंजीकरण के बाद हाथ खड़े कर दिए। इस अव्यवस्था के खिलाफ लोगों में रोष है।
विकासखंड कार्यालय के माध्यम से बुधवार और बृहस्पतिवार को देवल न्याय पंचायत में आधारकार्ड पंजीकरण के लिए शिविर लगाने की घोषणा की गई थी। इस पर देवल के साथ ही कूटा, जमतड़ी, बगड़ीहाट, बैड़ा समेत कई इलाकों से सैकड़ों लोग शिविर स्थल अस्कोट आईटीआई के परिसर में पहुंच गए। करीब 700 लोगों के शिविर स्थल पर पहुंचने का अनुमान है। लोगों को तब मायूसी हुई, जब आधारकार्ड पंजीकरण करा रहे कंप्यूटर ऑपरेटर सूरज कुमार ने केवल 40 ही लोगों का पंजीकरण कराने की बात कही। उसका कहना था कि बृहस्पतिवार को भी वह इतने ही लोगों का पंजीकरण करेगा। देवल के हरड़ा तोक की जमुना देवी (106) का भी बुधवार को आधारकार्ड के लिए पंजीकरण नहीं हो पाया, उन्हें बैरंग घर लौटना पड़ा।
इस हिसाब से दो दिन में केवल 80 ही लोगों का आधारकार्ड के लिए पंजीकरण हो पाएगा। जमतड़ी के प्रधान गोविंद भंडारी का कहना है कि उनकी ग्राम पंचायत से 300 लोग आधारकार्ड पंजीकरण के लिए आए थे, इसमें से कुछ ही लोगों का पंजीकरण हुआ। देवल के प्रधान त्रिलोक राम का कहना था कि एक दिन में केवल 40 आधार कार्ड पंजीकरण होने थे तो यह बात पहले स्पष्ट कर देनी चाहिए थी। लोगों को परेशान नहीं होना पड़ता। उधर, खंड विकास अधिकारी भवानी प्रसाद आर्या का कहना है कि पहले शिविर एक ही दिन का था। इसे दो दिन किया गया। बृहस्पतिवार को वह अस्कोट आएंगे, एक दिन और शिविर लगाने के लिए बात करेंगे।