सिमलकोट गांव में जमीन दान में लेने के बाद भी महाविद्यालय का भवन और सड़क न बनाने के विरोध में संयुक्त संघर्ष समिति ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गंगोलीहाट के मुख्य चौराहे में क्रमिक अनशन शुरू कर दिया हैै। भवन और सड़क न बनने पर 15 अगस्त से आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता के मेहता के नेतृत्व में एकत्र लोगों ने सरकार, प्रशासन और कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश निर्माण निगम के खिलाफ नारेबाजी की। संघर्ष समिति के अध्यक्ष मेहता का कहना था कि प्रशासन ने दो साल पहले सिमलकोट के ग्रामीणों से डिग्री कालेज गंगोलीहाट के भवन निर्माण के लिए 50 नाली जमीन दान में ली। प्रशासन ने जमीन की एवज में गांव तक सड़क बनाने का आश्वासन दिया था लेकिन भवन के लिए धन अवमुक्त होने के बाद भी कालेज का भवन सिमलकोट में नहीं बनाया जा रहा है, सड़क का निर्माण भी नहीं हो रहा है। पहले दिन क्रमिक अनशन में समिति के अध्यक्ष मेहता के साथ ही किशन उप्रेती, कल्याण सिंह धानिक, नरेंद्र रावल, बुंदी लाल विश्वकर्मा बैठे। नगर पंचायत अध्यक्ष विमल रावल, व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावल, बीएस नेगी, प्रधान संगठन के ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, देब सिंह कार्की, दान सिंह मेहता, भगवान नेगी, त्रिभुवन पाठक, श्याम सिंह, गोपाल सिंह, प्रकाश सिंह, लक्ष्मण सिंह समेत कई लोगों ने अनशनकारियों के समर्थन में धरना दिया।