विकास भवन सभागार में हुई कार्यशाला में मौजूद अधिकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला पर्यावरण योजना की एक दिवसीय कार्यशाला में डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि पर्यावरणीय प्रदूषण के नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने और ठोस नीति के तहत कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने नगर निकाय, जल संस्थान, पेयजल निगम, वन विभाग, विकास प्राधिकरण आदि विभागों को ठोस कार्य योजना बनाने के साथ ही प्रस्तावित किए गए प्रारूप को तैयार कर पर्यावरण संस्थान अल्मोड़ा को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में हुई कार्यशाला में गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान कोसी अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों की टीम ने उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड देहरादून की ओर से वित्त पोषित प्रोजेक्ट का जिला पर्यावरण प्रबंधन की प्लानिंग से संबंधित कार्यकलाप प्रस्तुत किए।
जीबी पंत हिमालय पर्यावरण संस्थान से आए वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. जेसी कुनियाल ने विभागों के अधिकारियों को बॉयोमेडिकल वेस्ट, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, वायु प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों की जानकारी दी। कार्यशाला में सीडीओ डॉ. सौरभ गहरवार, एसडीएम सदर तुषार सैनी, उप प्रभागीय वनाधिकारी नवीन पंत, ईओ मनोज दास, ईई पेयजल निगम आरएस धर्मशक्तू, ईई जल संस्थान अशोक कुमार, ग्रामीण निर्माण विभाग के एलसी पांडेय, डिप्टी सीवीओ डॉ. पंकज जोशी मौजूद रहे।