बंगापानी से मवानी-दारमा के लिए बन रही सड़क पर टेंडर के बाद भी पुल का निर्माण न करने से गुस्साए लोगों ने 90 किमी दूर जिला मुख्यालय आकर प्रदर्शन किया। पुल का निर्माण शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मवानी दवानी के क्षेत्र पंचायत सदस्य भगत सिंह मेहरा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे लोगों ने पुल निर्माण की मांग को लेकर नारेबाजी की। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में इन लोगों ने कहा कि बंगापानी से मवानी-दारमा के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है। बंगापानी के पास गोरी नदी पर पुल का निर्माण होना था। इसके लिए दो साल पहले टेंडर लग चुके हैं, लेकिन अब तक पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया है।
लोगों का कहना है कि पुल का निर्माण नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग धरना, प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में कैलाश सिंह, परवीन गोस्वामी, कवींद्र सिंह, राजेंद्र सिंह, सुरेश मेहता, गोविंद बिष्ट, कमलेश सिंह, गणेश सिंह, चंदू परिहार, कैलास परिहार, गणेश परिहार, योगेंद्र वर्ती, गौरव पांडेय शामिल थे।