पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से 25 किलोमीटर दूर बुंगाछीना क्षेत्र में करीब तीन महीने से गैस वाहन नहीं पहुंचा है, इससे लोग परेशान हैं। उन्हें लकड़ी जलाकर या इंडक्शन चूल्हे के सहारे भोजन पकाना पड़ रहा है। गैस की आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं में आक्रोश है।
बुंगाछीना क्षेत्र में अप्रैल पहले सप्ताह में सिलिंडरों की आपूर्ति हुई। तब से गैस वाहन वहां नहीं पहुंचा है। क्षेत्र के उपभोक्ता रसोई गैस वाहन के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह चौहान और जीवन जोशी ने बताया कि आसपास के इलाकों में सिलिंडर वितरण के लिए दो से तीन बार वाहन आ चुका है लेकिन बुंगाछीना कस्बे की उपेक्षा की जा रही है। बुंगाछीना और इससे आसपास अगन्या, खुलेती, बुंगा, ओली गांव, गोथना, सैनखाला के उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिले हैं। संवाद
बोले लोग
गैस वाहन अन्य क्षेत्रों के लिए आ रहा है लेकिन बुंगाछीना कस्बे और आसपास के गांवों की उपेक्षा की जा रही है। - बसंत बल्लभ शर्मा, पूर्व प्रधान, अगन्या
एजेंसी कर्मियों का कहना है कि गैस वाहन तभी आ रहा रहा है जब बुकिंग उनके मानक के अनुरूप फुल हो जाए। क्षेत्र में दर्जनों परिवार रसोई गैस के लिए परेशान हैं। - पंकज राज, ग्राम प्रधान, अगन्या
बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को दो से तीन महीने पहले सिलिंडर भेजे जाने के मैसेज आए हैं लेकिन अब तक सिलिंडर उनको नहीं मिला है। यह उपभोक्ताओं के साथ सरासर मजाक है। - सौरव चौहान, बुंगाछीना
बारिश से आजकल जलौनी लकड़ी मिलना मुश्किल हो रहा है। ऊपर से वन विभाग के कड़े नियम अलग हैं। बिना गैस के यह सिलसिला आखिर कब तक चलेगा। - दयाकिशन चौसाली, बुंगाछीना
कोट
बुकिंग जब 234 तक हो तभी ऊपर से गाड़ी रिलीज की जाती है। बुंगाछीना क्षेत्र में बुकिंग अभी इतनी नहीं बताई जा रही है। जल्द ही बुंगाछीना क्षेत्र में गैस वाहन भेजा जाएगा। सभी ग्रामीण इलाकों में रोटेशन के हिसाब से आपूर्ति की जा रही है। - विनय कुमार, डीएसओ, पिथौरागढ़