पिथौरागढ़। सीमांत जिले में व्यावसायिक रसोई गैस सिलिंडर नहीं मिलने से कारोबार प्रभावित होने लगा है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी रसोई गैस नहीं मिल रही है जिससे सभी परेशान हैं। हालात यह है कि होटल कारोबारियों ने व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति रुकने से बुकिंग लेना बंद कर दिया है।
जिले में नगर सहित धारचूला, मुनस्यारी, चौकोड़ी, पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग सहित अन्य क्षेत्रों में 350 से अधिक होटल संचालित हैं। पर्यटकों के लिए रसोई तैयार करने के लिए व्यावसायिक गैस सिलिंडर नहीं मिलने पर कारोबारी बुकिंग कैंसिल कराने के लिए मजबूर हैं।
जिला मुख्यालय सहित पर्यटन नगरी मुनस्यारी में अब तक कारोबारियों ने 150 से अधिक बुकिंग कैंसिल कर दी हैं। उनका कहना है कि यदि रसोई गैस नहीं मिली तो ऐसे में होटल बंद करने पड़ेंगे। इस संकट को देखते हुए बुकिंग कैंसिल करानी पड़ रही है। कई होटल कारोबारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए इंडक्शन खरीदने शुरू कर दिए हैं। अब उन्हें बिजली का अधिक बिल आने का डर सता रहा है।
घरेलू सिलिंडरों का पर्याप्त स्टॉक, फिर भी नहीं मिल रही रसोई गैस
घरेलू रसोई गैस सिलिंडर की रिफिलिंग के लिए बुकिंग नहीं होने और डीएसी कोड नहीं आने से हालात गंभीर हो गए हैं। इसके चलते एजेंसियों में पर्याप्त स्टॉक होने के बाद भी उपभोक्ता रसोई गैस के लिए परेशान हैं। नगर में संचालित इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक के मुताबिक हल्द्वानी डिपो से पूर्व की तरह रोज 368 सिलिंडरों की आपूर्ति हो रही है। बुकिंग नहीं होने और डीएसी कोड न आने से लोगों को सिलिंडर नहीं दिए जा रहे हैं। उनके मुताबिक पूर्व की तरह सिलिंडर नहीं बंटने से स्टॉक बढ़ रहा है। एजेंसी में 400 से अधिक सिलिंडर स्टॉक में हैं। बृहस्पतिवार सुबह जीआईसी, जाखनी सहित अन्य क्षेत्रों में वाहनों से गैस सिलिंडर वितरित करने के लिए भेजे गए। इन जगहों पर सुबह से ही उपभोक्ता खाली सिलिंडरों के साथ लाइन में लगे रहे। कई लोगों की बुकिंग न होने और मोबाइल पर डीएसी कोड न आने से उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। बेड़ीनाग, गंगोलीहाट आदि हिस्सों में भी यही हालात रहे।
बोले होटल कारोबारी
नगर में 50 से अधिक होटल हैं। व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से होटल कारोबार प्रभावित हो रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से पर्यटक बुकिंग के लिए पूछताछ कर रहे हैं। व्यावसायिक सिलिंडर नहीं मिलने से कारोबारी बुकिंग कैंसिल करा रहे हैं। - राजेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष, होटल एसोसिएशन, पिथौरागढ़
- क्षेत्र के होटल कारोबारियों के पास रसोई गैस का एक-दो दिन का ही स्टॉक है। व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगने से दिक्कत बढ़ गई है। बंगाल, महाराष्ट्र सहित अन्य हिस्सों से पर्यटक होटलों की बुकिंग करा रहे हैं। रसोई गैस का इंतजाम नहीं होने से कारोबारी बुकिंग कैंसिल कराने के लिए विवश हैं। - पूरन पांडे, अध्यक्ष, होटल एसोसिएशन, मुनस्यारी
कोट -
घरेलू रसोई गैस की कोई दिक्कत नहीं है। पूर्व की तरह ही आपूर्ति हो रही है। बुकिंग नहीं होने और डीएसी कोड नहीं आने से दिक्कत है। इस दिक्कत के दूर होते ही व्यवस्था पटरी पर आ जाएगी। - ऊषा राणा, प्रबंधक, इंडेन गैस एजेंसी, पिथौरागढ़
-
पार्षदों ने गैस की आपूर्ति सुचारू करने की मांग उठाई
पिथौरागढ़। नगर निगम के पार्षदों ने डीएम से मुलाकात कर रसोई गैस सिलिंडर की आपूर्ति की व्यवस्था को सामान्य कराने की मांग की है। पूर्व पालिकाध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे पार्षदों ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ ही प्रशासन भी गैस आपूर्ति में कोई दिक्कत न होने की बात कर रहा है। बावजूद इसके बुकिंग न होने और डीएसी कोड न आने से उपभोक्ताओं को रसोई गैस नहीं मिल रही है। उन्होंने इस अव्यवस्था को दूर करने की मांग की है। इस मौके पर सभासद नीरज जोशी, प्रवीन उपराड़ी, रविंद्र बिष्ट, त्रिलोक महर, पंकज बिष्ट आदि मौजूद रहे।