पहाड़ के दूरस्थ गांवों में विभागीय लापरवाही लोगों पर भारी पड़ रही है। लोधियाथल वाले पांच साल से लो-वोल्टेज की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन देखने वाला कोई नहीं है। अब ग्रामीणों के मुखर होने पर यूपीसीएल दो माह में समस्या दूर होने का दावा कर रहा है।
लोधियाथल में वर्ष 2010 से लो-वोल्टेज की समस्या है। ग्राम प्रधान कलावती देवी, कमलेश जोशी, उप प्रधान नवीन राम ने जिला ऊर्जा सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष कुंदन बथियाल को ज्ञापन सौंपकर कहा कि बिजली विभाग के स्थानीय और जिला स्तर के अधिकारियों के सामने बार-बार लो-वोल्टेज की समस्या को उठाया जाता रहा है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि समस्या दूर नहीं होने पर विद्युत नियामक बोर्ड में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। वहीं, यूपीसीएल के जेई बीएस रौतेला कहते हैं कि ट्रांसफार्मर के लिए बजट पास हो गया है। दो महीने के भीतर लोधियाथल की लो-वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी। उधर, प्रेमनगर, कफलटा, बमरेत में सात दिन से बिजली नहीं है। जेई का कहना है कि जल्द ही बिजली बहाल की जाएगी।