पिथौरागढ़। बेड़ीनाग में नशे में धुत एक शख्स को पुलिस को झूठी सूचना देकर गुमराह करना बेहद भारी पड़ गया। 200 रुपये के पव्वे के सुरूर में उसने रात भर पुलिस को दौड़ाया, जिसके एवज में पुलिस ने सुबह उसका नशा उतारते हुए 10,000 रुपये का तगड़ा जुर्माना ठोक दिया। यह घटना साबित करती है कि होश खोकर की गई शरारत सीधे बर्बादी की ओर ले जाती है।
पुलिस के मुताबिक, बीते शुक्रवार देर रात बेड़ीनाग के भंडारीगांव निवासी दीपक सिंह भंडारी ने नशे में हेल्पलाइन नंबर 112 पर एक युवती के भागने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को समझते हुए थानाध्यक्ष रमेश कुमार गंगवार के नेतृत्व में टीम गांव की तरफ दौड़ पड़ी।
घनघोर रात में गांव पहुंचकर टीम ने मामले को लेकर पूछताछ की तो यह सूचना झूठी निकली। समझाने पर आरोपी उल्टा पुलिस कर्मियों से बहस करने लगा। आपातकालीन सेवा का दुरुपयोग कर झूठी सूचना देने पर पुलिस ने आरोपी का 10 हजार रुपये का चालान किया। क्षेत्राधिकारी गोविंद बल्लभ जोशी ने कहा कि झूठी सूचना देना अपराध है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।