लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लीसा डिपो बाराकोट के पास सोमवार को पहाड़ी से चीड़ का पेड़ और मलबा सड़क पर गिरने से करीब सवा घंटे तक यातायात बाधित रहा। मार्ग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों समेत यात्रियों को सड़क खुलने का इंतजार करना पड़ा।
एनएच विभाग के अभियंता दान सिंह जरमाल ने बताया कि सूचना मिलते ही मशीन मौके पर भेजी गई। करीब 2:19 बजे पेड़ और मलबा हटाकर मार्ग यातायात के लिए खोल दिया गया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु हो गई।
बाराकोट में तीन मोटर मार्ग बंद
लोहाघाट (चंपावत)। बारिश के बाद बाराकोट विकासखंड में कई मोटर मार्ग बंद होने से ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित रही। सेरी कनियाना-सिमलटुकरा-पांडासेरा मोटर मार्ग बंद होने से कई गांवों का यातायात संपर्क कट गया। देवलकांडा-अदखंडी और ढटीगांव-बरम मोटर मार्ग बंद होने से भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। जरूरी काम से आने-जाने के लिए कई लोगों को पैदल रास्ता तय करना पड़ा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मयंक तिवारी ने बताया कि सिमलटुकरा-पांडासेरा और बसौड़ी-बरम मोटर मार्ग को मशीनों से खोल दिया गया है। अन्य बंद मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।