फोटो-30 पीटीएच 15 पी-डीडीहाट विकासखंड में छात्रसंख्या शून्य होने से बंद प्राथमिक विद्यालय बांकू
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। भाजपा विधायक बिशन सिंह चुफाल के पैतृक गांव बांकू का प्राथमिक विद्यालय छात्रसंख्या शून्य होने के कारण बंद हो गया है। यह घटना सरकारी शिक्षा को बढ़ावा देने और पलायन रोकने के दावों पर सवाल खड़े करती है।
विकासखंड मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर स्थित बांकू गांव में यह विद्यालय है। बिशन सिंह चुफाल ने इसी विद्यालय से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। वह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और छह बार विधायक रह चुके हैं। कभी विद्यार्थियों से भरे रहने वाला यह विद्यालय अब वीरान हो चुका है।
ग्रामीणों ने बदहाल स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के कारण गांव से पलायन किया। गांव खाली होने से विद्यालय में बच्चों की संख्या कम होती गई। इस शिक्षा सत्र में एक भी बच्चा न मिलने पर विभाग ने विद्यालय पर ताले लगा दिए।
गांव में रह गए 20 परिवार
बांकू गांव में वर्ष 2010 तक 80 परिवार निवास करते थे। बदहाल व्यवस्थाओं और सुविधाओं की मार सहते हुए ग्रामीणों ने धीरे-धीरे पलायन किया। यहां के अधिकांश ग्रामीण डीडीहाट नगर सहित जिला मुख्यालय बस गए। खुद विधायक ने जिला मुख्यालय में अपना स्थायी ठिकाना बनाया। गांव से इस कदर पलायन हुआ कि वर्तमान में वहां सिर्फ 20 परिवार रह रहे हैं। इन परिवारों के बच्चे भी पढ़ने के लिए डीडीहाट नगर में किराए में कमरा लेकर रहने के लिए मजबूर हैं।
...........
बांकू प्राथमिक विद्यालय के बंद होने की जानकारी के बाद से ही मैं अपने गांव के लोगों से बातचीत कर रहा हूं। जल्द ही इस विद्यालय को फिर से संचालित करने के प्रयास किए जाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्र में भी बच्चों की संख्या को बढ़ाने के लिए ग्रामीणों का सहयोग मांगा जाएगा।
-बिशन सिंह चुफाल, विधायक, डीडीहाट
........
25 साल के विधायक के गांव का स्कूल बंद होना और वहां से पलायन होना मौजूदा सरकार के दावों पर सवाल है। इसके जिम्मेदारी विधायक को लेनी चाहिए। अगर ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार सहित अन्य सुविधाएं मिलतीं तो पलायन नहीं होता। ऐसे में स्कूल में भी ताले नहीं लटकते।-
चंचल सिंह बोरा, पूर्व प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस