चंपावत। पशुपालकों की लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से उनमें आक्रोश बढ़ रहा है। पशुपालकों ने 10 अक्तूबर के बाद प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। उन्होंने दुग्ध मूल्य 34-36 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर करने, पशु आहार और भूसे पर सब्सिडी देने समेत पांच मांगें उठाई हैं।
पशुपालक राजेंद्र बिष्ट ने बताया कि पशुपालकों ने 11 सितंबर को मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा था। 18 सितंबर को डीएम मनीष कुमार के साथ हुई बैठक में मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन मिला। 12 अक्तूबर को दुग्ध संघ चंपावत में हुई बैठक में भी 25 से 30 दिन में कार्रवाई का भरोसा देकर आंदोलन स्थगित करने की अपील की गई थी। पशुपालकों की मांग है कि साइलेज पर 80 प्रतिशत और पशु आहार व भूसे पर 60 प्रतिशत सब्सिडी दी जाए। दुग्ध समिति सचिवों का मानदेय दो रुपये प्रति किलो किया जाए। पशु की मृत्यु पर तत्काल मुआवजा, पर्याप्त पशु चिकित्सक और निशुल्क पशु बीमा भी उपलब्ध कराया जाए। पशुपालकों ने कहा कि मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के पशुपालक एकजुट होकर आंदोलन की रणनीति तय करेंगे और बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।