पिथौरागढ़ में बैठक लेते केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा।
- फोटो : पिथौरागढ़
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा की अध्यक्षता में जिला विकास निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जितनी भी योजनाएं संचालित हो रही हैं उनका लाभ जनता तक पहुंचे इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है।
उन्होंने योजनाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदांडे को निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विकास खंड में 20 गांवों का चयन कर उन गांवों में प्रत्येक मद में कितनी धनराशि प्राप्त हुई और उससे क्या-क्या कार्य कराए गए उसकी सूची एक माह के भीतर तैयार करें।
उन्होंने अधिकारियों को सांसद आदर्श गांव में जाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को दिलाए जाने के निर्देश दिए। मंत्री टम्टा ने विभिन्न गांवों को क्राफट विलेज के रूप में विकसित करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्पादित हथकरघा उद्योगों दन, कालीन, रिंगाल आदि के उत्पादों को बढ़ावा देने और ग्रामीण स्तर पर लोगों को रोजगार मुहैया कराने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वंदना, क्षेत्र प्रमुख धारचूला राधा बिष्ट, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक मनोज सामंत, केएस वल्दिया, सांसद प्रतिनिधि गणेश भंडारी, पीडी डीआरडीए डीडी पंत, डीडीओ गोपाल गिरी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।