जिले की 11 तहसीलों और एक उपतहसील क्षेत्र में सोमवार अपरान्ह तीन बजे से मंगलवार अपरान्ह तीन बजे तक बिजली सप्लाई ठप रही। इस कारण कनालीछीना, देवलथल, डीडीहाट, धारचूला, थल, तेजम, बंगापानी, मुनस्यारी, बेड़ीनाग, गणाईगंगोली और गंगोलीहाट तहसीलों के साथ-साथ पांखू उपतहसील के हजारों लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार अपरान्ह अंधड़ के दौरान धारचूला और डीडीहाट को जाने वाली बिजली की लाइन पर सलमोड़ा के पास बड़ा पेड़ गिर गया। इस कारण बिजली की लाइन टूट गई। वहीं, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग को जोड़ने वाली बिजली की लाइन में बांस के पास पेड़ गिर गया था।
सोमवार शाम मौसम खराब होने के कारण लाइनों की मरम्मत का काम नहीं किया गया। मंगलवार सुबह से लाइनों की मरम्मत का काम शुरू हुआ। विद्युत वितरण खंड धारचूला के अधिशासी अभियंता चंदन सिंह बसनेत ने बताया कि धारचूला, डीडीहाट, मुनस्यारी समेत अन्य तहसीलों को जाने वाली बिजली की लाइन बुरी तरह टूट गई थी। मंगलवार दोपहर बाद लाइन की मरम्मत के बाद ही लोगों को राहत मिली। रातभर बिजली न होने से इन इलाकों में लोगों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। बताया गया कि सभी तहसीलों के लिए पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय से ही बिजली की लाइन बिछी है। लंबी लाइन होने के कारण इसमें अक्सर खराबी आती रहती है।
गोरघटिया योजना से पानी पंप नहीं हो पाया
बेड़ीनाग। बिजली सप्लाई ठप होने से गोरघटिया पेयजल योजना से पानी की पंपिंग नहीं हो पाई। इस कारण पेयजल संकट से गुजर रहे बेड़ीनाग नगर और उससे सटे गांव के लोगों पर मंगलवार का दिन काफी मुश्किलों भरा रहा। जल संस्थान ने टैंकरों से पानी का वितरण किया।