पूर्णागिरि मेले की लाइट व्यवस्था के लिए जिला पंचायत द्वारा जारी की गई निविदा की शर्तों को लेकर क्षेत्र के टैंट मालिकों और बिजली ठेकेदारों में भारी रोष है। उन्होंने निविदा में दी गई अनुभव की शर्त को व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की मंशा करार देते हुए कड़ा विरोध किया है।
बिजली ठेकेदारों ने बुधवार को उप जिलाधिकारी जेएस राठौर को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि मां पूर्णागिरि धाम के मेले के लिए जिला पंचायत ने लाइट की व्यवस्था के लिए समाचार पत्र में निविदा की विज्ञिप्ति जारी की है। निविदा डालने के लिए 10 वर्ष के अनुभव की शर्त रखी गई है। जिससे साफ होता है कि जिला पंचायत द्वारा व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने की नियत से यह शर्त रखी गई है।
उन्होंने कहा कि टेंडर में ऐसी शर्त लगा दी कि स्थानीय ठेकेदार इसके योग्य ही न रहें। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुभव की शर्त रद्द कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में खेमकरन शर्मा, दामोदर प्रसाद गुप्ता, राज सिंह लोधी, मुशीर खां, बबलू गौतम आदि शामिल थे।