फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: घरों के बंद किवाड़ों पर दस्तक देने लगा तेंदुआ, लोगों में दहशत

Thu, 03 Sep 2026 11:00 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
पिथौरागढ़ के पांडे गांव में शनि मंदिर के पास घर के आगे से गुजरता तेंदुआ।
विज्ञापन
पिथौरागढ़। नगर के कुजौली और पांडे गांव क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता काफी बढ़ गई है। हालात यह है कि अब तेंदुआ घरों के बंद दरवाजों पर दस्तक देकर इन्हें खोलने की कोशिश भी करने लगा है। इस तरह की घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत है और वे रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं।
विज्ञापन

बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे पांडे गांव में शनि मंदिर के पास तेंदुआ घरों के आगे सड़क पर आराम से गुजरता नजर आया। वहां से गुजर रहे एक युवा ने चुपके से उसकी तस्वीर खींच ली। इसके बाद तेंदुआ रात करीब डेढ़ बजे जीआईसी रोड से लगे कुजौली क्षेत्र में एक घर के गलियारे में पहुंच गया। वहां उसने भीतर से बंद एक कमरे के दरवाजे को खोलने की कोशिश की। लोगों के अनुसार, उस कमरे में रहने वाली एक छात्रा असमंजस में थी कि इतनी रात में कौन दरवाजे पर आवाज कर रहा है। इस बीच आवाज सुनकर जागी पड़ोस की एक महिला ने खिड़की से झांका तो उन्हें तेंदुआ नजर आ गया। इस पर उन्होंने आवाज देकर युवती और आसपास रहने वालों को सचेत किया। दहशत के मारे किसी को भी बाहर निकलने की हिम्मत नहीं हुई और सभी घरों के भीतर दुबकने के लिए मजबूर हुए।
रात करीब दो बजे वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। टीम मौके पर पहुंची और गश्त के दौरान उसे तेंदुआ महाविद्यालय के गेट से बजेटी को जाने वाले रास्ते पर नजर आया और कुछ ही देर में गायब हो गया। तेंदुए की धमक से क्षेत्र में कुत्तों का रात भर भौंकना जारी रहा जिसके चलते लोग रात भर सो नहीं पाए। वहीं अगले दिन सुबह क्षेत्र में लावारिस कुत्ते कहीं नजर नहीं आए। रेंजर दिनेश जोशी ने कहा कि कुजौली में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है। टीम गश्त भी कर रही है। लोगों को भी सतर्क रहना होगा।
विज्ञापन

कुत्ते को बनाया निवाला
पिथौरागढ़। नगर के कुजौली वार्ड और उससे सटे पांडे गांव क्षेत्र में पिछले कई दिनों तेंदुआ रात के समय आबादी क्षेत्र में मंडरा रहा है। कुछ दिन पूर्व तेंदुए ने कुजौली क्षेत्र में एक युवक पर झपट्टा मारने का प्रयास भी किया। संयोग से वह बाल-बाल बच गया। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने डीएफओ को ज्ञापन देकर तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की। विभाग ने पिंजरा भी लगाया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए ने एक आवारा कुत्ते का शिकार भी किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें