बेड़ीनाग में लीकेज पाइप से पानी भरते बच्चे
- फोटो : अमर उजाला
नगर में पेयजल के लिए त्राहि-त्राहि मचने लगी है। इतनी गंभीर किल्लत के बीच भी जल संस्थान की पेयजल लाइनों से कई स्थानों पर लीकेज हो रहा है। अब लोग इन लीकेज में ही बर्तन लगाकर पानी की व्यवस्था करने में लगे हैं। बेड़ीनाग नगर की 15 हजार आबादी के लिए गोरघटिया से बनी लिफ्ट पेयजल योजना से नाममात्र का पानी मिल पा रहा है। इस पानी को तीसरे दिन उपभोक्ताओं को बांटा जाता है। जिन लोगों के पास वाहन आदि की सुविधा है वह सल्याड़ी बैंड से पानी ढोकर ला रहे हैं। अभी नगर में टैंकर से पानी का वितरण शुरू नहीं हो पाया है।
इधर, नाग मंदिर रोड पर जल संस्थान की पाइप लाइन से हो रहे पानी के लीकेज का महत्व चाहे जल संस्थान को समझ में न आया हो, लेकिन आसपास रहने वाले बच्चों को इसका मोल समझ में आ गया। उन्होंने पानी बर्बाद होते देख तत्काल वहां पर बर्तन लगा लिए। हालांकि पानी की धार इतनी पतली थी कि पांच लीटर के एक बर्तन को भरने में ही एक घंटे का समय लग गया। बताया गया कि नगर में कुछ स्थानों पर इसी तरह पानी का लीकेज हो रहा है। जल संस्थान ने लीकेज बंद करने का कोई प्रयास नहीं किया।
जल संस्थान के अवर अभियंता गजेंद्र सिंह बताया कि जल्द ही लीकेज बंद कर दिए जाएंगे। उनका कहना है कि इस समय मुख्य ध्यान पेयजल संकट से मुक्ति दिलाने की तरफ है। लीकेज चेक करने के लिए जल्दी ही टीम भेजी जाएगी। बेड़ीनाग के आसपास के सभी प्राकृतिक स्रोत सूखने लगे हैं। लगातार पानी का संकट गहराता जा रहा है।