लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड पाटी के जीआईसी खेतीखान में हिंदी प्रवक्ता और साहित्यकार कमला वेदी के बाल कहानी संग्रह मां की सीख का विमोचन किया गया। प्रधानाचार्य धीरज सिंह चौहान की अध्यक्षता और जीआईसी पनिया के भूगोल प्रवक्ता दिनेश चंद्र पनेरू के मुख्य आतिथ्य में यह समारोह संपन्न हुआ। पुस्तक की समीक्षा करते हुए संस्कृत प्रवक्ता विद्यासागर लोहनी ने कहा कि ये बाल कहानियां बच्चों को प्रेरणा देने के साथ जीवन मूल्यों से जोड़ती हैं। लेखिका कमला वेदी ने बताया कि यह उनकी छठी पुस्तक है जिसमें कुल 12 बाल कहानियों को शामिल किया गया है। इस दौरान वक्ताओं ने कमला वेदी को हाल ही में मिले उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान के लिए भी बधाई दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिवाकर भट्ट ने किया।
इस दौरान प्रवक्ता अर्जुन कुमार, संजना टम्टा, सरोज जोशी, नीलम राणा, आशा राणा, कविता ढेक, गुंजन सगटा, संदीप कलखुड़िया, जितेंद्र कुमार पचौरी, कैलाश जोशी सहित छात्र रिसव देवपा, रवि, कुलदीप और गौरव मौजूद रहे।