पिथौरागढ़ के पांडेगांव में बनकर तैयार पांडेगांव का पुल
- फोटो : अमर उजाला
लंबे इंतजार के बाद पांडेगांव का पुल बनकर तैयार हो गया है। पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। पुल का काम पूरा होने से करीब 20 हजार की आबादी को राहत मिली है। पुल निर्माण में करीब 45 लाख रुपये की लागत आई है।
शहर के पांडेगांव का पुल एक दशक से भी अधिक समय से जर्जर हालत में था। लोनिवि ने दिसंबर में पुराने पुल को तोड़कर नया पुल बनाने का काम शुरू किया। 31 मार्च तक पुल को बनाने का लक्ष्य रखा गया था। पुल बनकर तैयार हो गया है। शनिवार से पुल से वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।
पुल निर्माण के कारण पांडेगांव, हुड़ेती, बजेटी, जीआईसी क्षेत्र, डिग्री कॉलेज क्षेत्र की करीब बीस हजार आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस क्षेत्र के लिए चंडाक रोड से बजेटी जाने वाली सड़क और खेल स्टेडियम के पास से जीआईसी को जाने वाली सड़क से आवाजाही हो रही थी। लोनिवि के अधिशासी अभियंता नवीन जोशी ने कहा कि पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। पुल में कंकरीट आदि काम होने हैं। कुछ दिन के भीतर यह काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।