पिथौरागढ़। नगरपालिका सभागार में आरंभ स्टडी सर्कल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रख्यात इतिहासकार डॉ. शेखर पाठक की यात्रा किताब ‘हिमांक और क्वाथनांक के बीच’ का लोकार्पण हुआ। इस अवसर पर प्रकाशित किताब पर चर्चा भी हुई। नवारूण प्रकाशन के संजय जोशी ने डाॅ. पाठक के साथ किताब पर विस्तार से चर्चा की।
विमोचन से पूर्व नैनीताल से आए छायाकार प्रदीप पांडे ने कालिंदीखाल यात्रा पर केंद्रित इस किताब की जानकारी दी। किताब का विमोचन शेखर पाठक की उपस्थिति में पथारोही महेंद्र मिराल, मनमोहन चिलवाल, प्रकाशक संजय जोशी ने किया। इस दौरान अस्कोट-आराकोट अभियान की अब तक की यात्रा पर ‘पहाड़’ ने स्लाइड शो का प्रस्तुतीकरण भी किया।
इस मौके पर लगी प्रदर्शनी में विविध विधाओं की किताबों के साथ ही विमोचित पुस्तक समेत शेखर पाठक की अन्य पुस्तकें भी शामिल रहीं। डॉ. पाठक को सुनने के लिए पिथौरागढ़ के छात्रों, युवाओं, पुस्तक एवं यात्रा प्रेमियों में उत्साह देखा गया। यह आयोजन इस रूप में भी विशेष रहा कि यह छठी अस्कोट आराकोट यात्रा के लिए यात्री दल के पांगू (धारचूला) रवाना होने की पूर्व संध्या पर आयोजित हुआ। आयोजन में हर्ष काफर, लक्ष्मण सिंह महर कैंपस के निदेशक डॉ. हेम पांडेय, शीतल, एकता, किशोर आदि शामिल रहे।