जिले में हुई भारी बारिश मुनस्यारी विकास खंड के फल्याटी के ढीली तोक के ग्रामीणों के लिए आफत बनकर बरसी। बारिश के बाद बीते सोमवार से पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में पहाड़ी के नीचे बसे सात परिवार खतरे में आ गए हैं ।
ग्राम प्रधान कमला देवी ने बताया कि पहाड़ी पर भूस्खलन होने से गंगोत्री देवी पत्नी प्रेम सिंह, पुष्पा देवी पत्नी आनंद सिंह, तेज सिंह पुत्र नेत्र सिंह, भवान सिंह पुत्र बहादुर सिंह, बलवंत सिंह पुत्र नेत्र सिंह, धर्म सिंह पुत्र नेत्र सिंह, हीरा सिंह पुत्र धर्म सिंह के मकानों पर आपदा का खतरा मंडरा गया है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं इससे खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी पर बोल्डर भी अटके हैं जो बड़ी घटना का कारण बन सकते हैं। ऐसे में सभी ग्रामीणों में दहशत है और वे रात में ठीक से सो भी नहीं पा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर गांव की सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है। वहीं राजस्व उप निरीक्षक परवेज अंसारी ने कहा कि ढीली तोक का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। जल्द ही उचित कदम उठाए जाएंगे।
जामिर पानी में घर के आंगन में गिरा विशालकाय बोल्डर, दो परिवार शिफ्ट
प्राथमिक विद्यालय शेराघाट की सुरक्षा दीवार ढही, खतरा
गणाई गंगोली में भारी बारिश से प्राथमिक विद्यालय शेराघाट की सुरक्षा दीवार ढहने से भवन खतरे में आ गया है। ग्राम प्रधान हरीश डसीला ने कहा कि यदि सुरक्षा के इंतजाम नहीं हुए तो विद्यालय भवन के साथ ही विद्यार्थियों को खतरा हो सकता है। उन्होंने इसकी सूचना आपदा प्रबंधन विभाग को देकर शीघ्र सुरक्षा के उपाय करने की मांग की है।
दूनाकोट में बारिश से एक मकान क्षतिग्रस्त
जीआईसी सल्ला चिंगरी में खेल मैदान की दीवार टूटी
नेपाल सीमा से सटे सल्ला चिंगरी में जीआईसी की सुरक्षा दीवार भारी बारिश से टूट गई। ऐसे में खेल मैदान के साथ ही विद्यालय भवन खतरे में आ गया है। प्रधान रिंकू देवी ने बताया कि यदि सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो खेल मैदान के साथ विद्यालय भवन आपदा की भेंट चढ़ जाएगा। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने कहा कि बारिश से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। जल्द ही सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।