शिक्षकों की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन देते नैनीभनार के लोग
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय हाइस्कूल नैनीभनार में जूनियर कक्षाओं को पढ़ाने के लिए सिर्फ दो शिक्षक रह गए हैं। जूनियर कक्षाओं को पढ़ाने वाले दो शिक्षकों को व्यवस्था में दूसरे विद्यालय भेजा गया है। इससे आक्रोशित अभिभावक शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी से पढ़ाई पर असर पड़ रहा है। शीघ्र व्यवस्था में भेजे गए शिक्षकों को वापस लाया जाए।
जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह बोहरा के नेतृत्व में डीएम से मिलने पहुंचे लोगों ने कहा कि विद्यालय में जूनियर स्तर पर 27 बच्चों ने प्रवेश लिया है, लेकिन इन बच्चों को अंग्रेजी और गणित पढ़ाने वाला कोई शिक्षक नहीं है। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रमेश सिंह बिष्ट ने बताया कि हाइस्कूल में 13 बच्चे हैं। उनको पढ़ाने के लिए शिक्षकों की पूरी व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से बात की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया।
अब शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर अभिभावक उग्र आंदोलन करेंगे। डीएम सी रविशंकर ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी से कहा कि शीघ्र विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती करें और दूसरे विद्यालय भेजे गए शिक्षकों को वापस बुलाएं। डीएम से मिलने वालों में हनुमान सिंह, जगत सिंह, महेश सिंह, रमेश चंद, तेज सिंह, मुकेश वल्दिया आदि थे।