कूटा से गराली तक बंद पीएमजीएसवाई की सड़क। ग्रामीण
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। देवीसूना से कूटा गराली के लिए बनी सड़क दो साल से बंद हैं। सड़क के बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से बंद सड़क को जल्द खोलने की मांग की है।
पांच वर्ष पहले देवीसूना से गराली तक 21 किमी सड़क का निर्माण किया गया था। वर्ष 2023 में बरसात के दिनों में कूटा से गराली तक आठ किमी सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आ गया था। साथ ही कई जगहों पर सड़क बह गई थी। तब से इस रोड पर यातायात पूरी तरह से बंद है। सड़क के निर्माण के दौरान गराली के पैदल रास्ते भी ध्वस्त हो गए थे। गराली के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दान सिंह कन्याल का कहना है कि सड़क के बंद होने से गांव में रह रहे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि बीमार होने पर ग्रामीणों को सड़क तक लाने के लिए डोली का सहारा लेना पड़ता है। उन्हें जंगल के रास्तों से कूटा तक आठ किमी पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। पीएमजीएसवाई के अधीन इस सड़क को खोलने के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। इधर, एसडीएम खुशबू पांडे ने पीएमजीएसवाई को गराली सड़क को खोलने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।