कुमाऊं कमिश्नर ने डीएम को सौंपी है सड़क की जांच
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं कमिश्नर डी सेंथिल पांडियन के कड़े तेवरों के बाद सातशिलिंग-थल मार्ग पर लीपापोती की कोशिशें तेज हो गई हैं। सड़क पर हॉटमिक्स किया जा रहा है। कई जगह हॉटमिक्स की तैयारी चल रही है। कमिश्नर ने सड़क पर धन के दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी को निर्माण कार्य के जांच के आदेश दिए हैं।
नगर के नजदीक सातशिलिंग से थल को जोड़ने वाली सड़क के चौड़ीकरण और हॉटमिक्स के लिए शासन से 44 करोड़ रुपए की धनराशि लोनिवि के एडीबी डिवीजन को दी गई। सड़क चौड़ीकरण का काम बेहद घटिया किया गया।
निर्माण कार्य को लेकर लगातार आवाजें उठती रही। 44 करोड़ रुपए में से 34 करोड़ का भुगतान ठेकेदार को कर दिया गया है। मतदान से पहले चुनावी तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे कुमाऊं आयुक्त ने पिथौरागढ़ आते समय खुद सड़क की दुर्दशा देखी। कई स्थान पर कॉजवे में सरिया सड़क पर निकली दिखी। मानक के अनुसार हॉटमिक्स और सड़क चौड़ीकरण न होने का मामला सामने आया था। कमिश्नर ने माना था कि व्यय किए गई धनराशि के अनुरूप काम नहीं हुआ है।
आयुक्त ने जिलाधिकारी को सड़क चौड़ीकरण के काम की जांच के आदेश दिए। सड़क की जांच चल रही है। ठेकेदार ने सड़क में लीपापोती शुरू कर दी है। जिन स्थानों पर हॉटमिक्स अधूरा छोड़ दिया गया था, वहां पर हॉटमिक्स किया जा रहा है। मुवानी में सड़क में मिट्टी, रोड़ी बिछाकर हॉटमिक्स की तैयारी की जा रही है।
हो हल्ला मचाने वाले हो गए चुप
सातशिलिंग-थल सड़क पर घटिया निर्माण कार्य को लेकर जनता में शुरू से नाराजगी रही है। कुछ जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने बयानबाजी की। प्रदर्शन किए और धरना दिया। आंदोलन को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर जांच के आदेश हुए। जांच भी परवान नहीं चढ़ी और हो हल्ला काटने वाले लोग भी चुप हो गए। क्यों चुप हो गए इस पर चर्चाएं खूब होती हैं।