विकासखंड बेड़ीनाग के पाताल भुवनेश्वर, दौला, नानीशीतला, सिमायल, चामाचौड़, मनगढ़, चौखुना, भूल की अध्याली क्षेत्र की स्वीकृत सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर इलाके के लोगों का जिला मुख्यालय में क्रमिक अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। क्षेत्रीय संघर्ष समिति पाताल भुवनेश्वर, चामाचौड़ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर सड़कों का निर्माण कराने की मांग की है। दूसरे दिन क्रमिक अनशन में रवि दशौनी और उमेद सिंह दशौनी बैठे हैं।
कलक्ट्रेट स्थित अनशन स्थल में लोगों ने मांगों के समर्थन में जबरदस्त नारेबाजी की। संघर्ष समिति ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कहा कि इन इलाकों को सड़क से जोड़ने के लिए एक सड़क राज्य सेक्टर से, एक सड़क पीएमजीएसवाई के तहत स्वीकृत है, लेकिन फिर भी सड़कों का निर्माण नहीं किया जा रहा है। कहा कि सड़कों के नहीं बनने से ये इलाके आजादी के 68 साल बाद भी यातायात सुविधा से वंचित हैं।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिवाकर रावल ने भी विचार रखे। क्रमिक अनशन में बैठे स्वाधीनता सेनानी के आश्रित उमेद सिंह दशौनी ने सड़क न बनने को सेनानी का भी अपमान बताया। आंदोलन को एससी-एसटी इंपलाइज फेडरेशन के जिलाध्यक्ष महेश मुरारी, बीआर कोहली, रवि, गोविंद दशौनी, नरेश रावल, प्रवीण रावल, पंकज रावल, राजेंद्र रावल, अजय राज आदि समर्थन दिया।