लोहाघाट (चंपावत)। पाटी विकासखंड के खेतीखान स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का नाम अब शहीद रेवाधर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान होगा। बुधवार को नामकरण समारोह आयोजित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता प्रधानाचार्य उमा जोशी ने की। इसमें शहीद रेवाधर की पत्नी माधवी देवी मुख्य अतिथि रहीं। जिला सैनिक कल्याण के अधिकारी सेवानिवृत्त कर्नल उमेद सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि शासन ने संस्थान का नाम आधिकारिक रूप से शहीद रेवाधर के नाम पर रखा है। इस अवसर पर लोगों ने शहीद लांस नायक रेवाधर के अदम्य साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित की। माधवी देवी ने संस्थान को क्षेत्र की उपलब्धि बताया। यहां ग्राम प्रधान रेनू वर्मा सहित कई स्थानीय लोग और शहीद के परिजन उपस्थित थे।