पिथौरागढ़। कारगिल युद्ध में सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद हवलदार गिरीश सामंत को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। पूर्व सैनिक, सेना सहित विभिन्न संगठनों के लोगों ने उन्हें याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
शनिवार को शहीद के गृह क्षेत्र देवलथल स्थित शहीद द्वार के पास परिजनों, सेना, पूर्व सैनिकों और विभिन्न संगठन के लोगों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। वीरांगना शांति सामंत ने पूजा-अर्चना कर शहीद को नमन किया।
130 पर्यावरण बटालियन, पूर्व सैनिक संगठन, असम रेजीमेंट के पूर्व सैनिकों, स्थानीय विधायक सहित अन्य लोगों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किए। वहीं स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। पूर्व सैनिक संगठन ने वीरांगना को शहीद का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। वीरांगना ने सभी का आभार जताया।
संचालन पूर्व सैनिक संगठन के उपाध्यक्ष रमेश सिंह महर ने किया। वहां विधायक बिशन सिंह चुफाल, पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मयूख भट्ट, सचिव दयाल सिंह, सुरेश सिंह आदि थे।
समाज में योगदान के लिए किया सम्मानित
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन ने समाज और संगठन के लिए उत्कृष्ट योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया। संगठन ने शंकर सिंह सामंत, किशन सिंह और श्याम दत्त जोशी को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्ल भेंट किए ।