दिल्ली अस्पताल में भर्ती साहिल के दोनों हाथ काटने पड़े। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
क्षेत्र के ख्वांतड़ी गांव में विद्युत पोल से करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसे कक्षा छह के छात्र साहिल कुमार (12) के दोनों हाथ काटने पड़े। साहिल के पूरे शरीर में इंफेक्शन फैलने के चलते चिकित्सकों को हाथ काटने का निर्णय लेना पड़ा। बच्चे के दोनों हाथ कटने से माता-पिता और परिजन बेहद आहत हैं।
ख्वांतड़ी निवासी अशोक कुमार का इकलौता पुत्र साहिल दो जुलाई को खेलने के दौरान विद्युत पोल में आए करंट की चपेट में आ गया था। उसे जिला अस्पताल लाया गया, यहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हल्द्वानी रेफर कर दिया। साहिल की गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी के चिकित्सकों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। साहिल के पूरे शरीर में इंफेक्शन फैलने के चलते चिकित्सकों को उसकी जान बचाने के लिए सोमवार को उसके दोनों हाथ काटने पड़े। आपरेशन थिएटर से जब साहिल को बाहर लाया गया तो उसकी हालत देख मां-बाप आहत हो गए।
अशोक कुमार ने बताया कि अब तक यूपीसीएल और ठेकेदार ने अभी तक उनकी कुछ मदद नहीं की है। उनके पास भोजन और घर आने के लिए रुपये तक नहीं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को यूपीसीएल और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। साथ ही कहा कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो आत्मदाह को मजबूर होंगे। इधर, तहरीर मिलने के बाद थाने के एसआई विजय कुमार ने दिल्ली जाकर साहिल की मां और पिता के बयान दर्ज किए। एसआई ने बताया कि उन्होंने अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद विद्युत पोल में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जाएगी।
ख्वांतड़ी के कुंदन सिंह ने की 20 हजार की मदद
कनालीछीना। करंट की चपेट में आए साहिल के पिता अशोक कुमार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए पूर्व में शिक्षकों ने 30 हजार रुपये की राशि जमाकर उन्हें भेजी। अब ख्वांतड़ी के कुंदन सिंह सामंत ने 20 हजार रुपये की सहायता की है। उन्होंने दुख की इस घड़ी में अन्य लोगों से भी मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया है।