ध्वस्त कनालीछीना-देवलथल मोटर मार्ग
- फोटो : अमर उजाला
कनालीछीना-देवलथल मार्ग बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से ध्वस्त हो गया है। इससे दोनों क्षेत्रों का संपर्क कट गया है। लोगों को अब सातसिलिंग से 40 किमी अतिरिक्त घूमकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। वहीं, सिरोली सड़क पर दीवार धंसने से एक मकान को खतरा पैदा हो गया है।
कनालीछीना-देवलथल सड़क ध्वस्त होने से छोटे वाहनों के संचालन के लिए भी स्थान नहीं है। लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। ख्वांड़ी, कापड़ीगांव, जिनगाल आदि क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। कनालीछीना क्षेत्र के लोगों को कोषागार के काम के लिए देवलथल जाना पड़ता है। सड़क बंद होने से पेंशनरों को अब सातसिलिंग से होकर देवलथल पहुंचना पड़ रहा है। इससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रयाग पांडेय ने लोनिवि से सड़क का सुधार शीघ्र करने की मांग की है।
उधर, बारिश से सिरोली-कनालीछीना मार्ग पर दीवार ध्वस्त हो गई। इससे रामीराम के मकान को खतरा पैदा हो गया है। नाली नहीं होने से पानी सड़क से बहकर खेतों में घुस रहा है। पूर्व क्षेत्र प्रमुख हरीश कोहली ने लोनिवि के ईई को फोन पर स्थिति से अवगत कराते हुए सड़क की ध्वस्त दीवार की शीघ्र मरम्मत करने की मांग की। लोनिवि के ईई नवीन जोशी ने सुरक्षा दीवार जल्द लगाने की बात कही है।